मथुरा। ब्रज क्षेत्र के कैंसर मरीजों के लिए राहत और उम्मीद भरी खबर सामने आई है। मथुरा स्थित के.एम. मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ने कैंसर उपचार सेवाओं को और अधिक आधुनिक एवं सशक्त बनाते हुए मरीजों को विश्वस्तरीय इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अस्पताल में अब कैंसर की जांच, सर्जरी, कीमोथेरेपी और मरीजों की देखभाल से जुड़ी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे मरीजों को बड़े महानगरों की ओर भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी।
कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का पता चलते ही मरीज और उनके परिवार मानसिक तनाव में आ जाते हैं। इलाज के लिए दिल्ली, मुंबई और अन्य बड़े शहरों में जाना आम परिवारों के लिए आर्थिक और मानसिक रूप से बेहद कठिन साबित होता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए के.एम. मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ने मथुरा में ही आधुनिक कैंसर केयर सेवाएं शुरू कर मरीजों को बड़ी राहत देने का प्रयास किया है।
वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. प्रीतेश आर. सिंह ने कहा कि कैंसर का नाम सुनते ही डरने की जरूरत नहीं है। समय पर जांच, सही डॉक्टर की सलाह और सकारात्मक सोच से इस बीमारी को पूरी तरह हराया जा सकता है। उन्होंने कहा, “कैंसर केयर केवल दवा और ऑपरेशन तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीज को मानसिक रूप से मजबूत बनाना, उसे उम्मीद देना और हर कदम पर सही मार्गदर्शन देना भी उतना ही जरूरी है।”
डॉ. सिंह ने बताया कि कई मरीज शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे बीमारी गंभीर रूप ले लेती है। यदि शुरुआती अवस्था में कैंसर का पता चल जाए तो इलाज आसान और अधिक सफल हो सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और किसी भी असामान्य लक्षण को हल्के में न लेने की अपील की।
अस्पताल में कैंसर मरीजों के लिए अत्याधुनिक जांच मशीनें, अनुभवी ऑन्कोलॉजिस्ट की टीम, एडवांस कैंसर सर्जरी, सुरक्षित कीमोथेरेपी और पोस्ट-ऑपरेटिव केयर की सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही मरीजों को मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखने के लिए संवेदनशील और सकारात्मक वातावरण भी तैयार किया गया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष एवं केएम विश्वविद्यालय के कुलाधिपति किशन चौधरी ने बताया कि कैंसर के इलाज के लिए महानगरों में जाना ग्रामीण और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बेहद मुश्किल होता है। इलाज के दौरान लाखों रुपये खर्च हो जाते हैं और परिवार आर्थिक रूप से टूट जाता है। लेकिन अब के.एम. अस्पताल में शुरू हुई आधुनिक कैंसर केयर सेवा से मथुरा, आगरा, हाथरस, अलीगढ़ और आसपास के जिलों के मरीजों को अपने घर के पास ही बेहतर और किफायती इलाज मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य केवल इलाज करना नहीं, बल्कि समाज में कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाना और मरीजों को बेहतर जीवन देना भी है। अस्पताल लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।
स्थानीय लोगों ने भी के.एम. अस्पताल की इस पहल की सराहना की है। लोगों का कहना है कि अब मरीजों को इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों में भटकना नहीं पड़ेगा और समय पर बेहतर उपचार मिलने से कई मरीजों की जिंदगी बचाई जा सकेगी।
रिपोर्ट : प्रेम सिंह कुंतल
गुजरात प्रवासी न्यूज़, मथुरा