मथुरा।
श्रीकान्त त्यागी के मथुरा आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकान्त त्यागी ने ब्रजभूमि पहुंचकर दाऊजी महाराज मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा माता रेवती जी के चरणों में भी माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान विधि-विधान से यज्ञ-हवन एवं देव पूजन का आयोजन किया गया।
मथुरा दौरे के दौरान श्रीकान्त त्यागी ने प्रदेश में लगातार हो रही ब्राह्मण हत्याओं एवं समाज पर बढ़ते अत्याचारों को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा के लिए राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल हर स्तर पर संघर्ष करेगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि समाज में भय और असुरक्षा का माहौल स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मथुरा पहुंचने पर हजारों कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने श्रीकान्त त्यागी का जोरदार स्वागत किया। जिला अध्यक्ष करण शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए। पार्टी समर्थकों ने नारेबाजी कर संगठन की मजबूती एवं एकजुटता का प्रदर्शन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
अपने संबोधन में श्रीकान्त त्यागी ने कहा कि राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल भगवान परशुराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के हर वर्ग के सम्मान एवं अधिकारों की लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी समतामूलक समाज की स्थापना एवं सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि मथुरा में जल्द ही एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें संगठन विस्तार एवं आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी। साथ ही उन्होंने बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए कहा कि राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 84 सीटों पर पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार श्रीकान्त त्यागी का यह दौरा संगठन विस्तार एवं आगामी चुनावी तैयारियों के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी लगातार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपने जनाधार को मजबूत करने में जुटी हुई है।
रिपोर्ट : राहुल शर्मा
चैनल हेड : राहुल शर्मा
गुजरात प्रवासी न्यूज़, मथुरा

