मथुरा
केएम विश्वविद्यालय परिसर में ‘कृदय 2.0’ वार्षिकोत्सव के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय चित्रकला संगम आर्ट एग्जीबिशन का भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति किशन चौधरी ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर बीएफए की छात्राओं की कलात्मक प्रतिभा की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
कुलाधिपति ने कहा कि प्रदर्शनी में अद्भुत और अनूठा संगम देखने को मिला है। केएम विश्वविद्यालय की छात्राओं के हाथों की कला वास्तव में प्रशंसनीय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार की चित्रकला संगम आर्ट एग्जीबिशन का आयोजन निरंतर किया जाएगा।
60 से अधिक उत्कृष्ट पेंटिंग्स प्रदर्शित
‘कृदय 2.0’ वार्षिकोत्सव के अंतर्गत आयोजित इस प्रदर्शनी में बीएफए की छात्राओं द्वारा निर्मित 60 से अधिक उत्कृष्ट पेंटिंग्स प्रदर्शित की गईं। समापन समारोह में कुलाधिपति का स्वागत बीएफए के एचओडी (चित्रकार) हर्षित सोनी ने गुलदस्ता एवं पटुका पहनाकर किया।
विश्वविद्यालय के सलाहकार डॉ. एस.पी. गोस्वामी एवं चित्रकार हर्षित सोनी ने छात्रा शिखा सिंघल, चेतना कुंतल, मोनिका तिवारी और अंजली कुंतल की कृतियों के विषय में कुलाधिपति को विस्तार से जानकारी दी। कुलाधिपति ने विद्यार्थियों के
रचनात्मक, कलात्मक एवं ज्ञानात्मक हुनर की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में ऐसे होनहार विद्यार्थी हैं, जिनकी प्रतिभा को और मंच प्रदान किया जाना चाहिए।
उन्होंने छात्राओं की मेहनत और लगन की विशेष प्रशंसा की तथा उनके साथ सेल्फी लेकर उत्साहवर्धन किया। साथ ही आश्वस्त किया कि छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन भविष्य में भी निरंतर होता रहेगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एनसी प्रजापति, कुलसचिव डॉ. पूरन सिंह, परीक्षा नियंत्रक (सीईओ) समीक्षा भारद्वाज, मेडिकल प्राचार्य डॉ. पीएन भिसे सहित खेल समन्वयक एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: चौधरी प्रेम सिंह कुंतल
गुजरात प्रवासी न्यूज, मथुरा

