गुजरात प्रवासी न्यूज़, अहमदाबाद
अहमदाबाद/दिल्ली। अखिल भारतवर्षीय खंडेलवाल वैश्य महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का 35वां सत्र 22 मार्च, रविवार को दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों और प्रमुख शहरों से खंडेलवाल समाज के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं आजीवन सदस्य बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
यह बैठक खंडेलवाल युवा जनजागरण समिति, दिल्ली द्वारा पीतमपुरा स्थित मिलन अपार्टमेंट्स (डिस्ट्रिक्ट पार्क के पास), पुलिस लाइंस, रोड नंबर 13 पर स्थित ‘गोल्डन एप्पल’ में आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद एवं CAIT के संस्थापक श्री प्रवीण खंडेलवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश चंद्र गुप्ता (तुंगा वाले), मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष संजीव कुमार कट्टा, प्रधानमंत्री चंद्र प्रकाश खंडेलवाल, कार्यकारी अध्यक्ष गोपाल खंडेलवाल (मथुरा), गिर्धारीलाल खंडेलवाल (जयपुर) सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
बैठक के दौरान समाज के विकास, संगठन को सशक्त बनाने तथा भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।
महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी प्रोफेसर रमेश कुमार रावत ने बताया कि इस कार्यक्रम में देशभर के कई प्रतिष्ठित गणमान्य अतिथि भी शामिल होंगे।
इस सत्र में राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, असम, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश सहित कई राज्यों के साथ-साथ अहमदाबाद, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, हैदराबाद, रतलाम और राजनांदगांव जैसे प्रमुख शहरों से प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु विभिन्न सामाजिक संगठनों का सहयोग लिया जा रहा है और व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
रिपोर्ट: गुजरात प्रवासी न्यूज़, अहमदाबाद
ब्यूरो चीफ: राहुल शर्मा

