शिवगढ़, प्रतापगढ़ विकासखंड शिवगढ़ क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय सराय शेर खां में शुक्रवार को स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रधान संघ अध्यक्ष कमलेश दुबे द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
रैली विद्यालय परिसर से निकलकर आसपास के गांवों और बस्तियों तक पहुंची, जहां छात्र-छात्राओं ने “सब पढ़ें, सब बढ़ें”,
“हर बच्चा स्कूल जाए” और “मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ” जैसे नारों के साथ शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाई। पूरे क्षेत्र में बच्चों के जोश और उत्साह ने माहौल को प्रेरणादायक बना दिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय परिसर में संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें मुख्य अतिथि द्वारा नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पुस्तकें वितरित की गईं। वहीं कक्षा 8 उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कमलेश दुबे ने कहा कि “बच्चों की शिक्षा ही परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है।”
उन्होंने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में अब बेहतर गुणवत्ता की शिक्षा के साथ-साथ निःशुल्क किताबें, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, बैग, छात्रवृत्ति और मध्यान्ह भोजन जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन सरकारी विद्यालयों में अवश्य कराएं और शत-प्रतिशत नामांकन अभियान को सफल बनाएं।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक पवन मौर्य ने किया, जबकि अध्यक्षता प्रधानाध्यापक उमाकांत त्रिपाठी ने की। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नोडल प्रधानाध्यापक अरुण कुमार मिश्र, अतुल मौर्य, अतुल कुमार दुबे, इमरान खान, विजय सिंह, संतोष, महेंद्र, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

सराय शेर खां विद्यालय से निकाली गई स्कूल चलो अभियान रैली
कार्यक्रम में मंचासीन अतिथिगण
मुख्य अतिथि द्वारा छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए
गुजरात प्रवासी न्यूज़ | प्रतापगढ़ ब्यूरो चीफ माधव मिश्रा की खास रिपोर्ट

