कानपुर, 08 जून। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा आयोजित पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के प्रथम दिवस पर सुरक्षा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने सेंट्रल जोन के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया।
प्रथम पाली के दौरान डीसीपी सेंट्रल ने राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी), जीआईसी गर्ल्स इंटर कॉलेज चुन्नीगंज, हरसहाय पीजी कॉलेज पी. रोड, ज्वाला देवी विद्या मंदिर आनंद बाग, सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज एवं गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज सहित कई परीक्षा केन्द्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी, यातायात प्रबंधन तथा परीक्षा संचालन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। सभी केन्द्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी रखी जा रही थी।
डीसीपी सेंट्रल ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने, निष्पक्षता एवं सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


कानपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा परीक्षा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
परीक्षा केन्द्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं और प्रथम दिवस की परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।
रिपोर्ट: किशोर मोहन गुप्ता
ब्यूरो चीफ, कानपुर
गुजरात प्रवासी न्यूज़

