करनैलगंज (गोण्डा)। तहसील क्षेत्र करनैलगंज में संचालित मनोकामना गैस एजेंसी के खिलाफ अनियमितताओं और उपभोक्ताओं के कथित शोषण को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) करनैलगंज को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि एजेंसी में ओटीपी नंबर का दुरुपयोग कर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही है। उपभोक्ताओं के अनुसार, सिलेंडर 2000 से 3000 रुपये तक ब्लैक में बेचे जा रहे हैं, जिससे आम जनता को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इसके अलावा, एजेंसी में कार्यरत कर्मचारियों की पहचान स्पष्ट न होने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पूछताछ केंद्र के अभाव में कई लोग दलालों के चंगुल में फंसकर शोषण का शिकार हो रहे हैं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि प्रभावशाली व्यक्तियों के कार्यों को प्राथमिकता दी जाती है, जबकि आम उपभोक्ताओं को लंबा इंतजार करना पड़ता है। गैस वितरण में पारदर्शिता की कमी, पर्चियों के माध्यम से अनियमित वितरण तथा कर्मचारियों के कथित रूखे व्यवहार को भी प्रमुख समस्याओं के रूप में उठाया गया है।
- कर्मचारियों की सूची सार्वजनिक की जाए
- सभी कर्मचारियों के लिए आईडी कार्ड अनिवार्य किया जाए
- भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त केवाईसी काउंटर खोले जाएं
- एजेंसी में पूछताछ केंद्र स्थापित किया जाए
- गैस वितरण की तिथि और समय का स्पष्ट बोर्ड लगाया जाए
- आम जनता और प्रभावशाली व्यक्तियों के लिए अलग-अलग समय निर्धारित किया जाए
ज्ञापन सौंपने वालों ने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि शिकायतों पर पारदर्शी एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी अनियमितताओं पर रोक लग सके और उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
इस दौरान अवध क्षेत्र अध्यक्ष संजय पांडेय, जिला प्रभारी विजय भारती, जिला अध्यक्ष महंत सुनील पुरी महाराज, जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष अरविंद गिरी, महिला अध्यक्ष सविता मिश्रा, मंडल मंत्री राम अनुज मिश्रा सहित कई पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
पंकज गुप्ता
जिला: जालौन (उरई), उत्तर प्रदेश
गुजरात प्रवासी न्यूज, अहमदाबाद

