औरैया, उत्तर प्रदेश।
जनपद औरैया के थाना कोतवाली में नवनिर्मित मिशन शक्ति केन्द्र, साइबर हेल्प डेस्क एवं पुलिस कैफे का विधिवत उद्घाटन ADG आलोक सिंह द्वारा किया गया। इस पहल को पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ तथा जनहितकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उद्घाटन कार्यक्रम के बाद ADG आलोक सिंह ने थाना परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने थाना कार्यालय, हवालात तथा CCTNS प्रणाली का जायजा लेते हुए अभिलेखों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और त्वरित जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी


इस अवसर पर कानपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर देहात के पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
मिशन शक्ति केन्द्र, साइबर हेल्प डेस्क और पुलिस कैफे की स्थापना से आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और साइबर अपराध पीड़ितों को त्वरित सहायता मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्टर: पंकज गुप्ता
जिला: जालौन (उरई), उत्तर प्रदेश

