राया (मथुरा): विकास खंड राया स्थित प्राथमिक विद्यालय राया में कक्षा 5 के छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भावपूर्ण और भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों, सजावटी सामग्री और आकर्षक सेल्फी पॉइंट से सजाया गया था, जिसने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
समारोह की शुरुआत स्वागत कार्यक्रम के साथ हुई, जिसमें जूनियर कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अपने सीनियर साथियों को भावभीनी विदाई दी। इस दौरान कक्षा 5 के बच्चों ने विद्यालय में बिताए अपने पांच वर्षों के अनुभव साझा किए। बच्चों ने अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन, स्नेह और शिक्षा के प्रति आभार व्यक्त किया। विदाई के इस अवसर पर कई छात्र-छात्राएं भावुक नजर आए, जिससे माहौल भावनात्मक हो गया।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण परीक्षा परिणाम वितरण और मेधावी छात्रों का सम्मान रहा। शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं समस्त शिक्षकों ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षा जीवन की मजबूत नींव होती है और यही नींव आगे चलकर बच्चों को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, कड़ी मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के समापन पर सभी बच्चों को स्वल्पाहार वितरित किया गया। साथ ही, विद्यालय परिवार द्वारा तिलक लगाकर एवं आशीर्वाद देकर बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए विदा किया गया। अंत में सभी ने सामूहिक छायाचित्र (ग्रुप फोटो) के माध्यम से इस यादगार पल को सहेजा।
इस अवसर पर जनपद के SRG श्री शिवकुमार, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती पूजा चौधरी, श्रीमती मंजू, राविया, श्रीमती श्वेता, श्रीमती राजकुमारी, श्रीमती हेमलता, श्रीमती देवेंद्री सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।
राहुल शर्मा
चैनल हेड, गुजरात प्रवासी न्यूज़, मथुरा

