नारसन, हरिद्वार (उत्तराखंड)।
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, झबरेड़ी कलां, नारसन में ‘प्रवेश उत्सव’ का आयोजन बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ना तथा शिक्षा के प्रति उनकी रुचि बढ़ाना रहा। कार्यक्रम के दौरान पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सेवानिवृत्त शिक्षक जोध सिंह पवार एवं ग्राम प्रधान रजनीश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यालय में नव-प्रवेश लेने वाले बच्चों का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उन्हें पेन, पेंसिल, कॉपी, टॉफी एवं मिष्ठान वितरित कर प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर अब तक प्रवेशित कुल 19 विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे समाज और राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई में सहयोग करें, ताकि बच्चे भविष्य में सफल नागरिक बन सकें।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ठाट सिंह ने बताया कि प्रवेश उत्सव के माध्यम से बच्चों में विद्यालय के प्रति आकर्षण बढ़ता
है और वे खुशी-खुशी शिक्षा से जुड़ते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय परिवार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर सहायक अध्यापक मंजु चौहान, गिजाला परवीन, नीलम, मौसम कमलेश, रजत सहित अन्य शिक्षकों एवं अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने मिलकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रवेश उत्सव जैसे आयोजन न केवल नामांकन बढ़ाने में सहायक होते हैं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और विद्यालय के प्रति लगाव भी विकसित करते हैं। इससे शिक्षा का स्तर मजबूत होता है और समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में ठोस कदम बढ़ते हैं।
रिपोर्ट: डॉ. आलोक कुमार द्विवेदी
चैनल: गुजरात प्रवासी न्यूज, हरिद्वार

