मथुरा, 23 मार्च 2026।
विश्व क्षय रोग दिवस (24 मार्च) के अवसर पर मथुरा जनपद से एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। फरह ब्लॉक के ग्राम राहेपुराजाट की 42 वर्षीय विनीश, जो कभी टीबी संक्रमण से जूझ रही थीं, आज पूरी तरह स्वस्थ होकर “टीबी चैंपियन” के रूप में समाज में जागरूकता फैला रही हैं।
विनीश ने बताया कि वर्ष 2015 में उन्हें लगातार खांसी और बुखार की समस्या हुई। आर्थिक तंगी के कारण निजी अस्पताल में इलाज जारी रखना संभव नहीं था, जिसके बाद उन्होंने सरकारी अस्पताल का रुख किया। वहां डॉक्टरों की सलाह पर उन्होंने छह महीने तक नियमित दवा ली और टीबी को मात दे दी।
इलाज के दौरान उन्हें सामाजिक दूरी और तिरस्कार का भी सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। सरकार की निक्षय पोषण योजना के तहत उन्हें हर महीने 1000 रुपये की सहायता मिली। साथ ही, स्वयंसेवी संस्था मंडोना रूरल डेवलपमेंट फाउंडेशन ने पोषण पोटली और पौष्टिक व्यंजन पुस्तिका देकर उनका सहयोग किया।
अब विनीश टीबी मरीजों की काउंसलिंग कर रही हैं और लोगों को समय पर जांच, नियमित दवा और सही पोषण के प्रति जागरूक कर रही हैं। उनका कहना है कि यदि समय पर इलाज कराया जाए तो टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा वल्लभ ने बताया कि लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत टीबी जांच करानी चाहिए। सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच और इलाज निःशुल्क उपलब्ध है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. संजीव यादव ने कहा कि टीबी एक सामान्य लेकिन संक्रामक बीमारी है, जिसका उपचार पूरी तरह संभव है। मरीजों को बीमारी छिपाने के बजाय इलाज कराना चाहिए और मास्क का प्रयोग करना चाहिए।
जिला कार्यक्रम समन्वयक शिव कुमार के अनुसार, मथुरा में वर्ष 2025 में 17,739, वर्ष 2024 में 18,083 और वर्ष 2023 में 17,296 टीबी मरीज चिन्हित किए गए। वर्ष 2026 में अब तक 2,700 से अधिक मरीजों की पहचान की जा चुकी है।
जिला पीपीएम समन्वयक आलोक तिवारी ने बताया कि टीबी उन्मूलन के लिए जन-जागरूकता बेहद जरूरी है। “टीबी मुक्त भारत अभियान” के तहत विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे देश को टीबी मुक्त बनाया जा सके।
टीबी के प्रमुख लक्षण
- दो सप्ताह से अधिक खांसी
- बुखार और रात में पसीना
- खून की खांसी
- सीने में दर्द
- सांस लेने में तकलीफ
- वजन कम होना
- भूख न लगना
- थकान
- गर्दन में गांठ
रिपोर्ट: राहुल शर्मा
चैनल हेड: गुजरात प्रवासी न्यूज, मथुरा

