रुड़की/हरिद्वार। उत्तराखंड के लिए यह बेहद गर्व और सम्मान का क्षण है। प्रदेश की प्रतिभाशाली खिलाड़ी महक चौहान का चयन भारतीय सीनियर महिला रग्बी टीम में हुआ है। महक अब भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 16–17 मई 2026 को ताशकंद, उज़्बेकिस्तान में आयोजित होने वाली सेंट्रल एंड साउथ एशिया 7s चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी।
महक चौहान की इस उपलब्धि से पूरे उत्तराखंड में खुशी और उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमियों, रग्बी खिलाड़ियों और प्रदेशवासियों ने इसे उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। महक ने अपने संघर्ष, मेहनत और अनुशासन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है, जिससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को भी नई प्रेरणा मिली है।


उत्तरकाशी की रहने वाली महक चौहान बचपन से ही खेलों के प्रति समर्पित रही हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने लगातार मेहनत जारी रखी और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इससे पहले भी महक अंडर-18 और अंडर-20 भारतीय रग्बी टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। उन्होंने अपने शानदार खेल प्रदर्शन से ब्रॉन्ज मेडल जीतकर उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया था।
अब सीनियर भारतीय महिला रग्बी टीम में चयन होना उनके करियर की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। खेल विशेषज्ञों का कहना है कि महक का यह चयन प्रदेश में रग्बी खेल के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है।
महक की सफलता पर उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन में भी खुशी का माहौल है। एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष आयुष सैनी, सचिव यशवंत सिंह, अध्यक्ष सूर्यकांत सैनी तथा फिटनेस ट्रेनर आकाश सिंह ने महक चौहान को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि महक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।


महक चौहान की यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि उत्तराखंड की बेटियों की प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास का प्रतीक बन गई है। आज महक प्रदेश के हजारों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं, जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने सपनों को पूरा करने का साहस रखते हैं।
पूरे उत्तराखंड रग्बी परिवार ने महक की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
रिपोर्ट : डॉ. आलोक कुमार द्विवेदी
गुजरात प्रवासी न्यूज़, हरिद्वार

