इंदौर। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के नेतृत्व में शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक GST कमिश्नर श्री अनय द्विवेदी के साथ GST कमिश्नर कार्यालय के कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित की गई। बैठक में व्यापार और GST से जुड़े 17 प्रमुख विषयों एवं व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
CAIT इंदौर अध्यक्ष मनीष बिसानी ने बताया कि बैठक में सियागंज, महारानी रोड, पेट्रोल पंप, न्यू सियागंज, अनाज मंडी, लोहा मंडी, ट्रांसपोर्ट, रेडीमेड, नमकीन एवं मिठाई व्यवसाय, सराफा बाजार, कपड़ा मार्केट, टिंबर मार्केट, मालवा मिल, जेल रोड, एमटीएच कंपाउंड, पेंट एसोसिएशन, दाल मिल तथा FMCG सहित 50 से अधिक व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने GST से संबंधित 17 व्यावहारिक कठिनाइयों को सीधे कमिश्नर के समक्ष रखा। GST कमिश्नर श्री अनय द्विवेदी, असिस्टेंट कमिश्नर श्री आर.के. शर्मा एवं श्री चौबे ने व्यापारियों की समस्याओं को बिंदुवार समझते हुए तकनीकी पहलुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया।

श्री द्विवेदी ने कहा कि विभाग व्यापार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सकारात्मक और व्यावहारिक दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग का उद्देश्य केवल “पेनलाइजेशन” नहीं बल्कि “रियलाइजेशन” है, यानी व्यापारियों को नियमों के अनुरूप सहज रूप से जोड़ते हुए व्यापार वृद्धि को प्रोत्साहित करना।
उन्होंने कहा कि जो व्यापारी ईमानदारी से अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, विभाग उन्हें सम्मानित करना चाहता है ताकि अन्य व्यापारी भी प्रेरित हों। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभाग द्वारा “वर्चुअल सुनवाई” प्रणाली प्रारंभ की जा चुकी है।
GST जांच के नाम पर परिवहन के दौरान ट्रकों और व्यापारियों को होने वाली परेशानियों को कम करने के लिए भी विभाग ने कई कदम उठाए हैं। श्री द्विवेदी ने कहा कि CAIT के माध्यम से हुई यह मुलाकात विभाग के लिए उत्साहवर्धक है तथा व्यापार जगत से मिलने वाले सुझावों को उचित मंच तक पहुंचाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
त्वरित समाधान का आश्वासन
विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया कि स्थानीय स्तर की समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाएगा, जबकि नीतिगत मामलों को केंद्र एवं राज्य सरकार तक भेजा जाएगा।
नेतृत्व और सहयोग
CAIT के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री रमेश गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि दिल्ली और वित्त मंत्रालय स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए वे स्वयं प्रयास करेंगे।
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्री धीरज खंडेलवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार व्यापारी हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उत्सव का माहौल
मध्यप्रदेश सरकार द्वारा “व्यापारी कल्याण बोर्ड” की स्थापना के ऐतिहासिक निर्णय पर CAIT इंदौर शाखा ने खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों को मिठाई खिलाकर और लड्डू वितरित कर जश्न मनाया गया।
गरिमामयी उपस्थिति
बैठक में इंदौर उत्थान समिति अध्यक्ष श्री अजीत सिंह नारंग सहित हरीश विजयवर्गीय, राजकुमार साबू, उमेश तिवारी, धीरेन्द्र पटेल, प्रवीण नीखरा, यशपाल कुंदवानी, राजेन्द्र सिंह वासु, पिंकी जैन, विजय चंडक, पंकज गांधी, हर्ष खंडेलवाल, मुरली खंडेलवाल, मोहम्मद पीठावाला, नारायण अग्रवाल, अनुराग बोथरा, अशोक ठाकुर, जगदीश गुप्ता, सुरेश हरियाणी, वासुदेव चेलानी, नईम पालवाला, मनीष चौधरी, दिलीप चांदवानी, कमल छत्री, रजत बेड़िया, सुमित साबू, राजेश अग्रवाल, मोहित पारीख, पवन जैन, निकेश तलरेजा, सुमित जैन, जय थारानी, जितेन्द्र रामनानी, संजय आहूजा, अरुण पटेल, गोविन्द कुकरेजा, प्रदीप यादवानी एवं शहर के अन्य वरिष्ठ व्यापारिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट
गुजरात प्रवासी न्यूज़, अहमदाबाद

