रुड़की, हरिद्वार | गुजरात प्रवासी न्यूज
उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में आयोजित प्रतिष्ठित CASA 7s महिला रग्बी टूर्नामेंट में उत्तराखंड की प्रतिभाशाली खिलाड़ी महक चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए “प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट” का खिताब अपने नाम कर लिया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे उत्तराखंड और देश में खुशी और गर्व का माहौल है।
भारतीय महिला रग्बी टीम की सदस्य महक चौहान ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने भारतीय टीम की ओर से सर्वाधिक 9 ट्राई स्कोर किए और टीम की सबसे सफल स्कोरर रहीं। उनकी तेज रफ्तार, दमदार फिटनेस, आक्रामक खेल शैली और शानदार तकनीक ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सभी को प्रभावित किया।
भारतीय महिला रग्बी टीम ने प्रतियोगिता में संघर्षपूर्ण और सराहनीय प्रदर्शन किया। हालांकि टीम पदक जीतने से चूक गई, लेकिन खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल से भविष्य के लिए मजबूत उम्मीदें जरूर जगाई हैं। यह टूर्नामेंट भारतीय महिला रग्बी टीम के लिए एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय अनुभव साबित हुआ, जो आने वाले समय में टीम को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक होगा।
महक चौहान की इस ऐतिहासिक उपलब्धि को उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने शानदार प्रदर्शन से प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
इस अवसर पर उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने महक चौहान को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष आयुष सैनी, सचिव यशवंत सिंह, अध्यक्ष सूर्यकांत सैनी, उपाध्यक्ष हिमांशु सैनी, फिटनेस ट्रेनर आकाश सिंह, साहिल नेगी एवं सानू सैनी ने कहा कि महक की यह उपलब्धि उत्तराखंड में रग्बी खेल को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
रिपोर्ट: डॉ. आलोक कुमार द्विवेदी
सह संपादक, गुजरात प्रवासी न्यूज, हरिद्वार

