मथुरा। “हौसलों की उड़ान थी, उत्साह की पहचान थी, समर कैंप की हर गतिविधि बच्चों की नई शान थी।” इसी भावना के साथ पुलिस मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित समर कैंप का शनिवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
समारोह में जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री श्लोक कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ एसपी क्राइम श्रीमती श्वेता यादव, एसपी सिटी श्री राजीव कुमार सिंह, एसपी देहात श्री सुरेश चंद्र रावत, एसपी सिक्योरिटी श्री राज कुमार, सीओ सिटी श्रीमती आशना चौधरी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।


कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों द्वारा सीखी गई विभिन्न गतिविधियों का मंचन समारोह का मुख्य आकर्षण रहा। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। विद्यार्थियों ने वेस्टर्न डांस, लोकनृत्य, समूह गायन, आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी, ड्राइंग, हिंदी एवं अंग्रेजी नाटकों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में समर कैंप के दौरान आयोजित खेल प्रतियोगिताओं की झलकियां भी प्रदर्शित की गईं। क्रिकेट, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सराहा गया। खेल प्रतियोगिताओं ने बच्चों में टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित किया।
समापन समारोह के दौरान कक्षा 10वीं एवं 1

2वीं के मेधावी विद्यार्थियों तथा खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। जनपद मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री श्लोक कुमार द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं के टॉपर विद्यार्थियों को टेबलेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जीवन में अनुशासन, परिश्रम, सकारात्मक सोच और खेलों के महत्व पर प्रेरणादायक संदेश दिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने समर कैंप के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को बधाई दी तथा उनके प्रयासों की सराहना की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रिचा वशिष्ठ ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्ष भर की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने समर कैंप को सफल बनाने में योगदान देने वाले शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और रचनात्मक क्षमताओं को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।


पूरे समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों ने नई-नई गतिविधियां सीखकर अपने कौशल का विकास किया तथा अनेक यादगार अनुभव प्राप्त किए। रंगारंग प्रस्तुतियों, पुरस्कार वितरण और प्रेरणादायक संदेशों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
रिपोर्ट : राहुल शर्मा
चैनल हेड, गुजरात प्रवासी न्यूज़

