मथुरा। जनपद मथुरा के गांव पिरसुआ का वीर सपूत भारतीय सेना का जवान विपिन कुमार देश की सेवा करते हुए शहीद हो गया। शहादत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया और परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हर आंख नम है और लोग शहीद के बलिदान को नमन कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहीद विपिन कुमार, तेजपाल के पुत्र थे और वर्ष 2016 में भारतीय सेना की आर्मी मेडिकल कोर (एएमसी) में भर्ती हुए थे। सेना में रहते हुए उन्होंने पूरी निष्ठा, समर्पण और देशभक्ति के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। देश की रक्षा और सेवा को उन्होंने जीवन का सर्वोच्च लक्ष्य माना और अंततः मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
शहीद विपिन कुमार अपने पीछे पत्नी, जुड़वा बेटा-बेटी तथा भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी शादी को लगभग पांच वर्ष हो चुके थे। परिवार में चार भाई हैं। बड़े भाई भगवान दास भारतीय सेना में कार्यरत हैं, जबकि उनसे छोटे भाई सुनील भी सेना में रहकर देश सेवा कर रहे हैं। सबसे छोटे भाई राधाकृष्ण सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। परिवार की देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की यह परंपरा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
जैसे ही शहादत की सूचना गांव पिरसुआ पहुंची, पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने शहीद के घर पहुंचकर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। शहीद के सम्मान में लोगों का लगातार तांता लगा हुआ है और हर कोई परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंच रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि विपिन कुमार ने अपने कर्तव्य का पालन करते हुए राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है। उनका यह त्याग और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। पूरे क्षेत्र को अपने इस वीर सपूत पर गर्व है, जिसने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी।
शहीद विपिन कुमार का बलिदान सदैव देशवासियों के दिलों में अमर रहेगा। राष्ट्र उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को सदैव याद रखेगा। पूरा देश इस वीर जवान की शहादत को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
राहुल शर्मा
चैनल हेड, गुजरात प्रवासी न्यूज़, मथुरा

