भगवानपुर, हरिद्वार, 2 जून। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज सिकंदरपुर भैंसवाल में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान आयोजित सात दिवसीय भारतीय भाषा समर कैंप का मंगलवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हो गया। प्रधानाचार्य भीकम सिंह के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और लगन के साथ भाग लेते हुए विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह के अवसर पर हिंदी प्रवक्ता विश्वास कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, समय का सदुपयोग और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों ने जो अनुभव और ज्ञान अर्जित किया है, वह उनके भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि छोटी-छोटी सीख और अच्छे संस्कार व्यक्ति को बड़े लक्ष्य प्राप्त करने में सहायता करते हैं।
कार्यक्रम में संदीप कौशिक ने सात दिवसीय कैंप की विस्तृत आख्या प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि कैंप के दौरान विद्यार्थियों को भाषा विकास, रचनात्मक लेखन, पठन-पाठन, कला, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा व्यक्तित्व विकास से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिला। साथ ही विद्यार्थियों को ग्रीष्मकालीन अवकाश का सदुपयोग करने और निरंतर सीखने की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
समापन अवसर पर अश्विनी कुमार ने सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि समय का सही उपयोग ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया।

कैंप के दौरान विद्यार्थियों ने बिना किसी दबाव के पूरी रुचि और उत्साह के साथ गतिविधियों में भाग लिया। बच्चों ने अपनी-अपनी प्रतिभा के अनुसार चित्रकला, भाषण, लेखन, पठन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। समापन समारोह में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को उनकी सक्रिय सहभागिता और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत भी किया गया।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।
समापन समारोह में शिक्षक अश्विनी कुमार, विश्वास कुमार, अजय कुमार शर्मा, महेंद्र सिंह राणा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : विश्वास कुमार
गुजरात प्रवासी न्यूज़, हरिद्वार

