भगवानपुर। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज सिकन्दरपुर भैंसवाल में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान भारतीय भाषा समर कैंप का शुभारंभ किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य भीकम सिंह के निर्देशन में आयोजित यह समर कैंप 2 जून तक संचालित किया जाएगा, जिसमें छात्र-छात्राओं को भारतीय भाषाओं, संस्कृति एवं पारंपरिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कैंप के प्रथम दिवस विद्यालय में 125 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। हिन्दी प्रवक्ता विश्वास कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि समर कैंप में प्रतिदिन अलग-अलग थीम के आधार पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि कैंप में विद्यार्थियों को बेसिक अभिवादन, सामान्य बोलचाल के वाक्य, वास्तविक जीवन की बातचीत का अभ्यास कराया जाएगा। इसके साथ ही संगीत, नृत्य, पेंटिंग, स्थानीय भोजन एवं संस्कृति की जानकारी देकर बच्चों में भारतीय परंपराओं के प्रति समझ विकसित की जाएगी।
समर कैंप में स्थानीय नायकों, स्वतंत्रता सेनानियों और कलाकारों के जीवन एवं योगदान से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त पारंपरिक खेल गतिविधियों का आयोजन कर बच्चों को मनोरंजन के साथ-साथ भारतीय संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। भाषा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी विद्यार्थियों को प्रदान की जाएंगी।

विद्यालय प्रशासन द्वारा समर कैंप में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं के लिए प्रतिदिन जलपान की व्यवस्था भी की गई है।
इस अवसर पर शिक्षक अश्विनी कुमार, दिवान सिंह टोलियां, विश्वास कुमार, प्रमोद कुमार कपरुवान, संदीप कौशिक, सुशील कुमार सैनी, देवीपाल सिंह, महेंद्र सिंह राणा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
गुजरात प्रवासी न्यूज़
रिपोर्ट : विश्वास कुमार, हरिद्वार

