सुरीर (मथुरा):
जनपद मथुरा के सुरीर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राजागढ़ी में खेत की रखवाली कर रहे एक किसान की सांड के हमले में दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लोकेन्द्र पुत्र छितर मल (उम्र लगभग 35 वर्ष) अपने खेत में खड़ी गेहूं की फसल की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान एक सांड खेत में घुस आया और फसल चरने लगा। किसान द्वारा सांड को भगाने का प्रयास किया गया, जिससे सांड आक्रोशित हो गया और उसने किसान पर हमला कर दिया।
सांड के हमले में गंभीर रूप से घायल हुआ किसान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सांड ने किसान को पटक-पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पास के खेत में मौजूद हरिराम ने घटना देखी और तत्काल परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों ने किसी तरह सांड को भगाया और घायल किसान को उपचार के लिए वृन्दावन स्थित काले बाबू अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही सुरीर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
आवारा पशुओं पर कार्रवाई की मांग
घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ते आवारा पशुओं से हो रही घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए प्रशासन से ठोस और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट: ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार सोनी
गुजरात प्रवासी न्यूज़, मथुरा

