अयोध्या (उत्तर प्रदेश)। डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन अयोध्या द्वारा आयोजित तृतीय जिला योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 का सफल आयोजन डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के योग विभाग में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों से आए खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन तथा योग खिलाड़ियों की आकर्षक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय की अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक उपस्थित रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए योग एवं योगासन खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग को जीवन का हिस्सा बनाने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा परिवार में योग अपनाने से सभी स्वस्थ एवं निरोगी रह सकते हैं। उन्होंने मुस्कुराहट को तनावमुक्त जीवन का सरल उपाय बताते हुए कहा कि यह व्यक्ति को युवा और ऊर्जावान बनाए रखती है।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष एवं डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन अयोध्या के सचिव प्रो. हिमांशु शेखर सिंह ने खिलाड़ियों की प्रतिभा, संतुलन और आत्मविश्वास की सराहना की। उन्होंने कहा कि योगासन केवल एक खेल नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली का सशक्त आधार है। युवाओं को योग से जोड़ना समय की आवश्यकता है, जिससे वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बन सकें।
प्रतियोगिता में विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ट्रेडिशनल योगा इंडिविजुअल बालिका वर्ग (09-14 वर्ष) में अंशी यादव प्रथम रहीं। महिला वर्ग में कशिश द्विवेदी ने प्रथम तथा खुशी सोनकर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में सुशांत पांडेय प्रथम और शिवा भारती द्वितीय स्थान पर रहे। आर्टिस्टिक योगा महिला वर्ग में स्वाति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। फॉरवर्ड बेंड योगा में सनोज कुमार, बैक बेंड योगा में तनु मौर्या, लेग बैलेंस स्पर्धा में महिला वर्ग से कोमल मौर्या तथा पुरुष वर्ग से मृदुल जी कौल विजेता रहे। ट्विस्टिंग बॉडी इंडिविजुअल स्पर्धा में अंचल सोनी ने प्रथम स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम का संचालन डायसा के संयुक्त सचिव डॉ. अनुराग तिवारी ने किया। इस अवसर पर डॉ. आलोक तिवारी, डॉ. गायत्री वर्मा, डॉ. प्रवीण राय, प्रतियोगिता प्रबंधक दीपेश सिंह, निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. राजपाल एवं रोली पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा सभी विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने प्रतिभागियों को भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित किया।
रिपोर्ट : डॉ. आलोक कुमार द्विवेदी
सह संपादक, गुजरात प्रवासी न्यूज़, हरिद्वार

