मंडला (मध्य प्रदेश)। Human Rights Protection Cell (HRPC) के तत्वावधान में मंडला जिले के विकासखंड बिछिया अंतर्गत ग्राम पंचायत दानीटोला, केवलारी, लपटी और देई में व्यापक मानवाधिकार जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व HRPC महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) और जेंडर जस्टिस लैब स्काई सोशल के सहयोग से संपन्न हुआ।
लोक अदालत और कानूनी सहायता की दी जानकारी
शिविर के दौरान श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने HRPC द्वारा संचालित सामाजिक और मानवाधिकार संरक्षण गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली लोक अदालत के माध्यम से HRPC की टीम आम नागरिकों को न्यायिक सहायता उपलब्ध कराने और उन्हें कानूनी लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
“बाल विवाह मुक्त भारत” अभियान पर जोर
कार्यक्रम में “बाल विवाह मुक्त भारत” अभियान के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही जिला सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को मिलने वाली सहायता सेवाओं, परामर्श, आश्रय और कानूनी सहयोग के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
शिविर में विभिन्न महत्वपूर्ण टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई, जिनमें —
-
विधिक सेवा प्राधिकरण हेल्पलाइन : 15100
-
राष्ट्रीय महिला हेल्पलाइन : 181
-
चाइल्ड हेल्पलाइन : 1098
-
साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन : 1930
इन हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से जरूरतमंद नागरिक तुरंत सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
यातायात नियमों के पालन की अपील
शिविर के दौरान नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति भी जागरूक किया गया। लोगों को हेलमेट पहनने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन की आरसी और बीमा साथ रखने की अनिवार्यता के बारे में जानकारी दी गई।
महिला सशक्तिकरण पर दिया संदेश
श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि सभ्य समाज में जेंडर आधारित भेदभाव और महिला हिंसा का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहकर अन्याय के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि छोटे-छोटे जागरूकता शिविर समाज में बड़े सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनते हैं। जब नागरिक अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक होंगे, तभी एक विकसित और न्यायपूर्ण भारत का निर्माण संभव है।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे उपस्थित
इस अवसर पर HRPC की सक्रिय सदस्य मनिषा ठाकुर, सरोज सोनी, साधना उसराठे, साक्षी दुबे, स्काई सोशल से अजय मोदी, संबंधित पंचायतों के सरपंच, उपसरपंच, जनप्रतिनिधि, पंचायत सचिव, स्व-सहायता समूह की सदस्याएँ और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : पंकज कुमार गुप्ता
जिला : जालौन (उरई), उत्तर प्रदेश
चैनल : गुजरात प्रवासी न्यूज, अहमदाबाद

