बनी तेरहमील, प्रतापगढ़।
धार्मिक एवं आध्यात्मिक चेतना से ओतप्रोत बनी तेरहमील क्षेत्र इन दिनों श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह के आयोजन से पूरी तरह भक्तिमय हो उठा है। गांव के चारों ओर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत वातावरण देखने को मिल रहा है। कथा स्थल पर प्रतिदिन सुबह से लेकर देर शाम तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। महिलाएं, बुजुर्ग, युवा एवं बच्चे बड़ी श्रद्धा के साथ कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।

यह भव्य धार्मिक आयोजन मुख्य यजमान गणेश सिंह एवं कांति सिंह के सौजन्य से उनके आवास पर संपन्न हो रहा है। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह एवं आस्था का माहौल बना हुआ है। कथा पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने, पेयजल एवं प्रसाद वितरण की समुचित व्यवस्था की गई है।
कथा व्यास पीठ से प्रसिद्ध कथावाचक डॉ. निशकांत ओझा अपने मधुर, संगीतमय एवं ओजस्वी प्रवचनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर रहे हैं। कथा के दौरान उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा मानव जीवन को सत्य, धर्म और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। कथा का प्रत्येक शब्द अमृत के समान है, जिसका श्रवण करने मात्र से मनुष्य के समस्त पाप नष्ट हो जाते हैं और जीवन में सुख, शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि समाज को नैतिकता, संस्कार एवं आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने का माध्यम बन चुकी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक बार श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण अवश्य करना चाहिए।
कथा के दौरान डॉ. ओझा ने राजा परीक्षित के जन्म एवं भगवान श्रीकृष्ण की कृपा का अत्यंत मार्मिक वर्णन किया। उन्होंने बताया कि भगवान सदैव अपने भक्तों की रक्षा करते हैं और संकट के समय स्वयं किसी न किसी रूप में सहायता हेतु उपस्थित हो जाते हैं। कथा का भावपूर्ण वर्णन सुनकर श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं तथा पूरा पंडाल “राधे-राधे” और “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम में प्रतिदिन भजन-कीर्तन, आरती एवं प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया जा रहा है। श्रद्धालु पूरे उत्साह एवं भक्ति भाव से कथा में भाग लेकर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कर रहे हैं।

इस अवसर पर समाजसेवी पंकज मिश्रा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य इंसाफ बहादुर सिंह, महेंद्र सिंह, राजेश सिंह, रामानंद सिंह, विष्णु कुमार सिंह, संजय सिंह, उदय राज तिवारी, राजेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह, राजदेव सिंह, प्रमोद सिंह, जमुना शर्मा, गंगा राम सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : ब्यूरो चीफ माधव मिश्रा
गुजरात प्रवासी न्यूज़

