मथुरा
डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को धूमधाम से मनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मथुरा जिला इकाई द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्ययोजना बैठक आयोजित की गई। यह बैठक शनिवार को पुष्पांजलि स्थित जिला कार्यालय पर जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी उपस्थित रहे। इस दौरान जयंती समारोह को लेकर विस्तृत कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।

जिला अध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक जिले के सभी बूथ स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जयंती से पूर्व 13 अप्रैल को अंबेडकर चौक स्थित प्रतिमा स्थल पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा तथा शाम के समय दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
14 अप्रैल को जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय पर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी, साथ ही बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त 15 से 17 अप्रैल तक महादलित बस्तियों एवं छात्रावासों में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए प्रखंड स्तर पर टीमों का गठन किया गया है, जिससे आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने बताया कि बैठक प्रारंभ होने से पूर्व वृंदावन घटना में मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा गया और श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।
बैठक में जिला महामंत्री आकाश चौधरी, अमन ठाकुर, कोसी चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल, नरदेव चौधरी, कार्यक्रम संयोजक जगमोहन पाठक, सह-संयोजक अजय परखम, सतीश वाल्मीकि, उपाध्यक्ष मनीषा पाराशर, मुदिता शर्मा सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: राहुल शर्मा
चैनल हेड, गुजरात प्रवासी न्यूज़, मथुरा

