कानपुर, उत्तर प्रदेश।
आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तेजी से अस्पताल पहुँचाने के उद्देश्य से कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ग्रीन कॉरिडोर व्यवस्था की शुरुआत की है। यह व्यवस्था खास तौर पर लाइफ-थ्रेटनिंग स्थिति वाले मरीजों के लिए लागू की गई है, जिससे उन्हें बिना किसी बाधा के शीघ्र अस्पताल पहुंचाया जा सके।
इस पहल के तहत Integrated Command and Control Centre (ICCC) में एक विशेष ग्रीन कॉरिडोर सेल स्थापित किया गया है, जो एम्बुलेंस की रियल टाइम मॉनिटरिंग और ट्रैफिक समन्वय सुनिश्चित करेगा।
एम्बुलेंस चालक या संचालक आपात स्थिति में टोल फ्री नंबर 9454402413 पर कॉल कर अपनी लोकेशन, गंतव्य अस्पताल और रूट की जानकारी साझा कर सकते हैं। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम द्वारा सीसीटीवी कैमरों और गूगल मैप्स के जरिए एम्बुलेंस की निगरानी शुरू कर दी जाएगी।
साथ ही संबंधित मार्गों पर तैनात ट्रैफिक पुलिस को अलर्ट कर दिया जाएगा, ताकि रास्ते में आने वाले जाम या अवरोध को पहले ही हटाकर एम्बुलेंस के लिए ग्रीन कॉरिडोर (क्लियर रास्ता) तैयार किया जा सके। इससे मरीज को न्यूनतम समय में अस्पताल पहुँचाकर उसकी जान बचाने में मदद मिलेगी।
इस व्यवस्था को लागू करने में अस्पताल संचालकों, एम्बुलेंस सेवाओं, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है।
कानपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि एम्बुलेंस को प्राथमिकता दें और सहयोग करें, ताकि यह व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सके।
अपर पुलिस आयुक्त (लॉ एंड ऑर्डर) डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि यह पहल मरीजों की जान बचाने के लिए एक अहम कदम है और इसमें तकनीक व पुलिस समन्वय की बड़ी भूमिका होगी।
- कानपुर में ग्रीन कॉरिडोर व्यवस्था लागू
- ICCC में विशेष कंट्रोल सेल स्थापित
- एम्बुलेंस की रियल टाइम मॉनिटरिंग होगी
- ट्रैफिक पुलिस पहले से रास्ता करेगी क्लियर
- टोल फ्री नंबर: 9454402413
- मरीजों को तेजी से अस्पताल पहुंचाने का उद्देश्य
रिपोर्ट/चैनल हेड: पंकज गुप्ता
जिला: जालौन (उरई), उत्तर प्रदेश
चैनल: गुजरात प्रवासी न्यूज, अहमदाबाद

