मथुरा | गुजरात प्रवासी न्यूज | ब्यूरो चीफ मुकेश सोनी
मथुरा जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नौहझील पुलिस को शनिवार रात बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में सुहागपुर हत्याकांड का मुख्य आरोपी भोला उर्फ हर्ष घायल हो गया, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 मार्च को हुई युवक की हत्या के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी सोशल मीडिया पर स्टेटस डालकर क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था।
शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी यमुना एक्सप्रेसवे सर्विस रोड के माइलस्टोन 69.5 के पास देखा गया है। सूचना मिलते ही थाना नौहझील पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल अवस्था में आरोपी को दबोच लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो तमंचे, 11 कारतूस और घटना में प्रयुक्त हीरो पैशन बाइक बरामद की है। घायल बदमाश को उपचार के लिए सीएचसी नौहझील भेजा गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट:
ब्यूरो चीफ: मुकेश सोनी
गुजरात प्रवासी न्यूज, मथुरा

