बागपत (उत्तर प्रदेश)
बागपत स्थित Jawahar Navodaya Vidyalaya में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के पावन अवसर पर विज्ञान एवं गणित प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों के बीच जिज्ञासा, उत्साह और नवाचार की भावना को नई दिशा प्रदान की।
कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने कुल 32 रचनात्मक परियोजनाएँ प्रस्तुत कीं। इन मॉडलों एवं चार्टों में पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा एवं जल प्रबंधन, स्वच्छता, डिजिटल तकनीक, गणितीय अवधारणाएँ तथा दैनिक जीवन की समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान जैसे विविध विषय शामिल रहे। विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, तकनीकी समझ और नवाचार की स्पष्ट झलक प्रदर्शनी में देखने को मिली।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन और प्रयोगात्मक समझ का विकास करना रहा। प्रदर्शनी के माध्यम से छात्रों को प्रश्न पूछने, प्रयोग करने और समस्याओं का समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया गया। यह पहल न केवल ज्ञानवर्धक रही, बल्कि विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को भी सुदृढ़ करने वाली सिद्ध हुई।
इस अवसर पर आसपास के विद्यालयों—प्राथमिक विद्यालय टुकाली, प्राथमिक विद्यालय सरफाबाद, उच्च प्राथमिक विद्यालय सरफाबाद, उच्च प्राथमिक विद्यालय गोंना, उच्च प्राथमिक विद्यालय सिंगोली तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय फुलेरा—के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगण को भी आमंत्रित किया गया। बाह्य विद्यालयों से आए विद्यार्थियों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया तथा व्यक्तिगत स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए छात्राओं को सेनेटरी पैड वितरित किए गए।
कार्यक्रम में शारीरिक शिक्षा अध्यापक सारजन कुमार गुप्ता एवं स्टाफ नर्स श्रीमती मीनू सिंह का विशेष योगदान रहा।
विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों—प्रमोद, ललित, मनीषा, मधु, अम्बरेश, योगेश, सुरेश, श्याम, रितु शर्मा एवं सुनीता—ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की। आयोजन में विद्यालय के गणित, विज्ञान एवं कंप्यूटर विज्ञान शिक्षकों आलोक शर्मा, रविंद्र मीणा, संजय सिंह, सुशील कुमार त्रिपाठी, मनोज कुमार यादव, होराम सिंह, ज्ञानांकुर काजला, अंकुर पवार एवं रितेश शाह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विद्यालय के प्राचार्य दुष्यंत कुमार सिंह ने सभी आगंतुक शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए इसे शैक्षिक समन्वय और नवाचार की दिशा में एक सार्थक पहल बताया।
समग्र रूप से यह विज्ञान एवं गणित प्रदर्शनी विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चेतना जागृत करने, नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा विद्यालयों के मध्य सहयोगात्मक वातावरण स्थापित करने की दृष्टि से अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुई।
रिपोर्ट – सह संपादक डॉ. आलोक कुमार द्विवेदी
गुजरात प्रवासी न्यूज

