तहसील एत्मादपुर, थाना खंदौली क्षेत्र में बढ़ा आक्रोश
आगरा। तहसील एत्मादपुर के थाना खंदौली अंतर्गत गांव वास मोहन सहाय अगरपुर रोड पर उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई जमीन का मुआवज़ा न मिलने से नाराज़ किसानों ने धरना शुरू कर दिया।
वास मोहन सहाय से बरहन तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य को लेकर प्रशासन द्वारा जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तो शुरू कर दी गई, लेकिन किसानों का आरोप है कि उन्हें अब तक उचित मुआवज़ा नहीं दिया गया है। इसी मांग को लेकर दर्जनों किसान भारतीय हलधर किसान यूनियन के बैनर तले धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
धरना स्थल पर यूनियन के जिलाध्यक्ष असपाक अली सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद हैं। किसानों का साफ कहना है कि जब तक मुआवज़ा नहीं मिलेगा, तब तक सड़क निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा।
किसानों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि शीघ्र मुआवज़ा जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा।
प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन क्षेत्र में स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है।
अब देखना होगा कि प्रशासन और किसानों के बीच वार्ता कब होती है और क्या समाधान निकलता है।
परवेश अल्वी की खास रिपोर्ट
प्रेम सिंह कुंतल, गुजरात प्रवासी न्यूज़, मथुरा

