कानपुर नगर | दिनांक 16 फरवरी 2026
साइबर सेल एवं पुलिस टीम द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 101 मोबाइल फोन बरामद किए गए। ये मोबाइल फोन नागरिकों द्वारा सीआर पोर्टल एवं यूपी कॉप ऐप के माध्यम से दर्ज कराई गई गुमशुदगी एवं चोरी की शिकायतों के आधार पर ट्रेस किए गए।
बरामदगी के बाद संबंधित मोबाइल स्वामियों से संपर्क स्थापित कर उन्हें कार्यालय बुलाया गया। पुलिस उपायुक्त पूर्वी कार्यालय के माध्यम से सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को विधिवत सुपुर्द किए गए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹25,00,000 बताई गई है।


मोबाइल वापस मिलने के बाद नागरिकों से फीडबैक भी लिया गया। जिन लोगों को उनके फोन वापस मिले, उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की। एक महिला नागरिक तो मिठाई लेकर कार्यालय पहुंचीं और उपस्थित सभी लोगों में वितरित की, जिससे पुलिस के प्रति जनता के विश्वास और संतोष का भाव स्पष्ट झलका।
वर्तमान समय में मोबाइल फोन व्यक्ति के जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। ऐसे में गुम या चोरी हुए मोबाइल को बरामद कर वास्तविक स्वामी को लौटाना पुलिस की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
जहाँ तक गिरफ्तारी का प्रश्न है, अधिकांश मामलों में मोबाइल या तो कहीं गुम हो गए थे अथवा चोरी के बाद एक व्यक्ति सेदूसरे, फिर तीसरे या चौथे व्यक्ति तक बेचे गए। कई बार जिनके पास मोबाइल बरामद होता है, वे कम कीमत में खरीदने के कारण अनभिज्ञता जताते हैं।
चोरी से संबंधित मामलों में जांच प्रक्रिया जारी है। जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस संबंध में पुलिस उपायुक्त पूर्वी श्री सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिकता है।
रिपोर्ट – पंकज कुमार गुप्ता जिला – जालौन (उरई)
राज्य – उत्तर प्रदेश
चैनल – गुजरात प्रवासी न्यूज, अहमदाबाद

