झबरेड़ा/हरिद्वार (उत्तराखंड)।
उत्तराखंड विद्यालय माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित भारतीय भाषा समर कैंप का आयोजन पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज लाठरदेवाहूण, नारसन में उत्साहपूर्वक किया जा रहा है। 27 मई 2026 से प्रारंभ हुआ यह समर कैंप आगामी 2 जून 2026 तक चलेगा। कैंप में विद्यालय के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में भाग लेकर ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आनंद उठा रहे हैं।
समर कैंप का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को भारतीय भाषाओं, संस्कृति एवं सामाजिक मूल्यों से जोड़ना है। कैंप के दौरान विद्यार्थियों को खेल-खेल में शिक्षा प्रदान की जा रही है, जिससे उनमें सीखने के प्रति उत्साह और रुचि बढ़ रही है।
विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता जितेंद्र कुमार, संदीप वर्मा, मुकेश बगवाड़ी, अरुणा राठी, सूरजभान, दिनेश सिंह एवं आलोक द्विवेदी द्वारा बच्चों को भारतीय भाषाओं की महत्ता, उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, चित्रकला, स्वच्छता अभियान, विभिन्न सब्जियों एवं प्राकृतिक परिवेश की जानकारी रोचक गतिविधियों के माध्यम से दी जा रही है।

समर कैंप प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस शिविर के माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक जिम्मेदारियों का विकास करना लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक समय में बच्चों को अपनी भाषा और संस्कृति से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है तथा इसी उद्देश्य से विभाग द्वारा यह समर कैंप संचालित किया जा रहा है।
कैंप में बच्चों द्वारा चित्रकला, भाषाई खेल, सांस्कृतिक गतिविधियां एवं समूह चर्चाओं में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया जा रहा है। विद्यार्थियों में सीखने का उत्साह देखते ही बन रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य चंद्रपाल सिंह ने समर कैंप के सफल संचालन पर सभी शिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन एवं लगन के साथ कैंप में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
स्थानीय अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के समर कैंप बच्चों के बौद्धिक एवं सांस्कृतिक विकास के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रहे हैं।
रिपोर्ट : सह संपादक डॉ. आलोक कुमार द्विवेदी
गुजरात प्रवासी न्यूज़, हरिद्वार


1 Comment
Gần đây mình hay đọc nội dung tại https://fly88.tel/, thấy cập nhật khá nhanh.