प्रतापगढ़। भक्ति, सेवा और मानवता के पावन संदेश के साथ पद्मिनी एकादशी के शुभ अवसर पर बुधवार को जामताली क्षेत्र में विशाल शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मां काली एवं संकटमोचन हनुमान जी की कृपा से आयोजित इस धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालुओं, राहगीरों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्य ने लोगों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ धार्मिक आस्था का भी संदेश दिया। सुबह से शुरू हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी कार, बाइक और अन्य वाहनों को रोककर शरबत प्रसाद ग्रहण करते नजर आए। आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और लोगों ने आयोजकों की सेवा भावना की मुक्त कंठ से सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सम्मानपूर्वक स्वागत किया तथा उन्हें शीतल शरबत पिलाकर मानव सेवा का संदेश दिया। स्थानीय लोगों का कहना था कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में भाईचारा, सहयोग और सेवा भावना मजबूत होती है।
इस पुनीत कार्य के आयोजन में आशीष कुमार दुबे, कैलाश प्रजापति, मिथिलेश दुबे, अजय पाल, रवि, प्रदीप सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि पद्मिनी एकादशी का पर्व सनातन धर्म में विशेष महत्व रखता है और इस अवसर पर किए गए दान-पुण्य एवं सेवा कार्य का विशेष फल प्राप्त होता है। ऐसे में शरबत वितरण जैसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा फैलाने का कार्य करते हैं।
जामताली में आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था, सामाजिक सेवा और जनसहयोग का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया। देर शाम तक लगातार शरबत वितरण चलता रहा और हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
गुजरात प्रवासी न्यूज़
प्रतापगढ़ ब्यूरो चीफ : माधव मिश्रा की खास रिपोर्ट

