मथुरा। हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट (उपज) मथुरा द्वारा हिंदी पत्रकारिता दिवस एवं पत्रकार सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह समारोह 30 मई 2026, शनिवार को प्रातः 11 बजे होटल हीरा इन्विटेशन, डैम्पियर नगर, मथुरा में आयोजित होगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदी पत्रकारिता की दो शताब्दियों की गौरवशाली यात्रा का उत्सव मनाने के साथ-साथ उन पत्रकारों को सम्मानित करना है, जिन्होंने निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता के माध्यम से समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस अवसर पर विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में बलदेव विधानसभा क्षेत्र के विधायक पूरन प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेत्री सविता सिंह सोरौत करेंगी, जबकि एपीएन न्यूज़ चैनल के यूपी-उत्तराखंड के मैनेजिंग एडिटर डॉ. प्रसून शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
उपज मथुरा के जिलाध्यक्ष अतुल कुमार जिंदल ने बताया कि हिंदी पत्रकारिता दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि उन पत्रकारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने समाज और राष्ट्रहित में पत्रकारिता के उच्च मूल्यों को कायम रखते हुए अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज को सही दिशा देने और जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
उन्होंने सभी पत्रकार साथियों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों एवं गणमान्य नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।
हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने का यह ऐतिहासिक अवसर पत्रकारिता जगत के लिए गर्व, सम्मान और आत्ममंथन का विषय है। यह समारोह पत्रकारों के संघर्ष, समर्पण, साहस और समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।
राहुल शर्मा
चैनल हेड, गुजरात प्रवासी न्यूज़, मथुरा


1 Comment
Gần đây mình hay đọc nội dung tại https://fly88.co.com/, thấy cập nhật khá nhanh.