प्रतापगढ़। पत्रकारिता दिवस के अवसर पर रानीगंज स्थित माता प्रसाद पैलेस में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट (एनयूजे) संगठन की रानीगंज इकाई द्वारा नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा, विशिष्ट अतिथि क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी तथा अति विशिष्ट अतिथि ओमप्रकाश पांडेय एवं अनिरुद्ध रामानुज दास महाराज उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधि-विधान से मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि पूर्व विधायक धीरज ओझा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
अपने संबोधन में धीरज ओझा ने कहा कि पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आयोजित यह शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे समाज के उन लोगों को भी पत्रकारिता दिवस के महत्व की जानकारी मिलती है, जो इससे अनभिज्ञ हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और यदि पत्रकार न होते तो देश की सुरक्षा, पारदर्शिता एवं जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाना संभव नहीं होता। देश के विकास और जनजागरण में पत्रकारों की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है।
विशिष्ट अतिथि क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी ने कहा कि पत्रकार समाज का एक जिम्मेदार नागरिक होता है, जो बिना किसी निश्चित वेतन या स्वार्थ के अपने अमूल्य समय को समाज और राष्ट्रहित में समर्पित करता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के माध्यम से प्रशासन को भी अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त होती हैं तथा उनसे सीखने का अवसर मिलता है। पत्रकारिता दिवस पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास और उसके उत्थान को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
अति विशिष्ट अतिथि ओमप्रकाश पांडेय ने अपने संबोधन में नारद मुनि को विश्व का प्रथम पत्रकार बताते हुए पत्रकारिता के ऐतिहासिक और धार्मिक पक्षों पर प्रकाश डाला। उन्होंने आधुनिक पत्रकारिता की चुनौतियों एवं जिम्मेदारियों पर भी विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में नवनिर्वाचित अध्यक्ष बच्चा मिश्रा, महामंत्री पवन मिश्रा, संरक्षक राकेश तिवारी, पप्पू महाराज, बृजभूषण मिश्रा, माधव मिश्रा, कृष्ण मणि मिश्रा, सुभाष विश्वकर्मा, मनोज रजक, सुरेंद्र बहादुर यादव, शिवम मिश्रा एवं शमीम अहमद सहित समस्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा गुप्ता, प्रतिनिधि बद्री प्रसाद गुप्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता देवेश प्रताप सिंह, भाजपा नेता संजय मिश्रा, प्रधान सुशील मिश्रा, सभासद माता प्रसाद मिश्रा, वरिष्ठ अधिवक्ता जयेंद्र नाथ उपाध्याय, सुनील मिश्रा, सभासद सुनील मौर्य, सभासद अनुज पांडेय सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र मिश्रा ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया गया।
गुजरात प्रवासी न्यूज़
माधव मिश्रा, ब्यूरो चीफ, प्रतापगढ़

