सुरीर, मथुरा
सुरीर कस्बा की नरसिंह बगीची पर आयोजित सर्वसमाज की महत्वपूर्ण बैठक में गांव की मूलभूत समस्याओं पर गंभीर मंथन किया गया। बैठक में स्थाई गंदगी से निजात, पक्का श्मशान निर्माण और पूरे गांव में 100 स्ट्रीट लाइटें लगाने जैसे अहम प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
सभा में समाजसेवी राहुल ठाकुर ने ग्रामीणों से सर्वसमाज के हित में आगे आने की अपील करते हुए कहा कि वे गांव के विकास कार्य स्वयं के धन से कराने को तैयार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है, बल्कि उद्देश्य केवल गांव का विकास है।
पक्का श्मशान के लिए भूमि आवंटन का प्रस्ताव
सबसे पहले मांट मूला क्षेत्र में पक्का श्मशान बनाने का प्रस्ताव रखा गया। सर्वसमाज ने सुझाव दिया कि वर्तमान ग्राम प्रधान इस आशय का प्रस्ताव पारित करें। कई ग्रामीणों ने कहा कि भूमि ऐसी जगह चिन्हित हो, जिससे मूला के खंड छांहरी के लोगों को भी सुविधा मिल सके। इसके लिए पांच सदस्यीय समिति गठित कर जमीन चिन्हित करने का निर्णय लिया गया।
ग्राम प्रधान मोर मुकुट चौधरी ने भूमि आवंटन की जिम्मेदारी लेने की बात कही।
नालियों की समस्या का स्थाई समाधान
बैठक में गांव की कीचड़युक्त नालियों की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। अध्यक्षता कर रहे ठाकुर भगवान सिंह ने कहा कि प्रशासन से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में यदि समाज सहयोग करे तो राहुल ठाकुर संपूर्ण खर्च स्वयं वहन कर इस समस्या का स्थाई समाधान करने को तैयार हैं। इस प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से समर्थन दिया गया।
गांव होगा प्रकाशमय
राहुल ठाकुर ने घोषणा की कि वे गांव के सभी मुख्य मार्गों को प्रकाशमय बनाना चाहते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जो भी अपने खंभों पर स्ट्रीट लाइट लगवाना चाहें, वे आगे आएं — खर्च वे स्वयं वहन करेंगे। करीब 100 स्ट्रीट लाइटें लगाने का लक्ष्य तय किया गया।
होली दहन स्थल पर विचार
होली दहन स्थल परिवर्तन को लेकर भी चर्चा हुई। इस विषय पर पंडितों के विचार-विमर्श के बाद अंतिम निर्णय लेने की बात कही गई।
बैठक में ठाकुर पोहम सिंह, मोहन सिंह, छतर सिंह, पिग्गू, सूरजपाल रावत, केहरी सिंह, हरिया सिंह, पन्ना लाल, विष्णु बघेल, विवेक सिसोदिया, पंडित पूरन सिंह शर्मा, विपिन बिहारी रावत, केशव ठाकुर, अर्जुन सिंह, धर्म सिंह, पप्पू सिंह, लाखन सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
सभा का संचालन गणेश मास्टर ने किया।
ग्रामीणों ने राहुल ठाकुर की पहल की सराहना करते हुए इसे गांव के लिए सकारात्मक कदम बताया।
रिपोर्ट: ब्यूरो चीफ मुकेश सोनी
गुजरात प्रवासी न्यूज, मथुरा

