मथुरा
मानव सेवा और लोक कल्याण की दिव्य चेतना को साकार रूप देने हेतु संत निरंकारी मिशन द्वारा ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के अंतर्गत ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ अभियान के चौथे चरण का शुभारंभ 22 फरवरी, रविवार को परम श्रद्धेय सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन निर्देशानुसार देशभर में एक साथ किया जाएगा।
मीडिया सहायक किशोर स्वर्ण के अनुसार, देश के लगभग 1500 जल स्रोत स्थलों पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें करीब दस लाख निरंकारी भक्त भाग लेंगे। दिल्ली स्थित यमुना नदी के घाटों से लेकर मथुरा-आगरा क्षेत्र तक इस अभियान की थीम रहेगी — “आओ सवारें, यमुना किनारे”।
विश्राम घाट से बंगाली घाट तक सफाई
मथुरा में प्रातः 8 बजे से सैकड़ों निरंकारी भक्त विश्राम घाट से बंगाली घाट के आसपास यमुना तट पर जमी काई, कीचड़ और प्लास्टिक कचरे की सफाई कर स्वच्छ जल–स्वच्छ मन का संदेश देंगे।
इसके साथ ही फरह स्थित केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान के मखदूम घाट तथा कोसीकलां के गोमती कुंड बालाजी घाट पर भी स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
जल संरक्षण: सेवा से संस्कार तक
मथुरा जोनल इंचार्ज एच.के. इंचार्ज ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य समाज को यह अनुभूति कराना है कि जल केवल संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार और ईश्वर की अमूल्य देन है। इसकी रक्षा करना प्रत्येक मानव का नैतिक कर्तव्य है।
मिशन ने बाबा हरदेव सिंह जी की प्रेरणास्पद शिक्षाओं को आत्मसात करते हुए वर्ष 2023 में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से ‘प्रोजेक्ट अमृत’ का शुभारंभ किया था। यह पहल जल संरक्षण को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर उसे जीवनशैली और सेवा-भाव का हिस्सा बनाने की प्रेरणा देती है।
संत निरंकारी मंडल के सचिव आदरणीय श्री जोगिंदर सुखीजा जी ने बताया कि नदियों, झीलों, तालाबों और कुओं जैसे प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण हेतु यह जनआंदोलन अपने प्रथम तीन चरणों में सेवा और सहभागिता की अद्भुत मिसाल पेश कर चुका है। चौथा चरण और अधिक संगठित एवं विस्तृत स्वरूप में क्रियान्वित किया जाएगा।
भावी पीढ़ियों के लिए पावन संकल्प
सतगुरु माता जी का संदेश सदैव यही रहा है कि धरती को आने वाली पीढ़ियों के लिए और अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं संतुलित रूप में संजोया जाए। ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ अभियान उसी पावन संकल्प का जीवंत प्रतीक है, जो मानव को प्रकृति, समाज और आत्मा से जोड़ते हुए संतुलित भविष्य की दिशा में अग्रसर करता है।
रिपोर्ट: राहुल शर्मा, चैनल हेड
गुजरात प्रवासी न्यूज, मथुरा

