झाँसी। जनपद के लब्धप्रतिष्ठित विद्वान एवं प्रखर विचारक डॉ. विद्यासागर उपाध्याय अंतरराष्ट्रीय मंच पर जिले का गौरव बढ़ाने जा रहे हैं। बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय एवं उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो-दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में उन्हें ‘बीज वक्ता’ के रूप में आमंत्रित किया गया है।
विषय: ‘बुंदेलखंड के साहित्य, समाज और संस्कृति में श्रीराम’
23 व 24 फरवरी को आयोजित इस संगोष्ठी में भारत सहित विश्व के पाँच देशों से आए शोधार्थी, प्रोफेसर और ख्यातिलब्ध साहित्यकार सहभागिता करेंगे। प्रथम सत्र में डॉ. उपाध्याय मुख्य व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे।
डॉ. उपाध्याय अपनी विलक्षण विद्वत्ता और सनातन संस्कृति के गहन विश्लेषण के लिए व्यापक रूप से प्रसिद्ध हैं। प्रबुद्धजनों का विश्वास है कि उनके विचार राम संस्कृति के अनछुए आयामों को नई दृष्टि देंगे।
अध्यक्षता व मुख्य अतिथि
संगोष्ठी की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय करेंगे।
मुख्य अतिथि के रूप में विजय कुमार (पद्मश्री, पूर्व पुलिस महानिदेशक, तमिलनाडु) उपस्थित रहेंगे, जिन्होंने कुख्यात अपराधी वीरप्पन के विरुद्ध सफल अभियान का नेतृत्व किया था।
अंतरराष्ट्रीय सहभागिता
इस वैश्विक मंच पर
-
नार्वे से डॉ. शरद आलोक
-
बुल्गारिया से डॉ. मीना कौशिक
-
ऑस्ट्रेलिया से डॉ. भावना कुँअर
-
नेपाल से डॉ. श्वेता दीप्ति
-
नीदरलैंड से डॉ. ऋतु शर्मा नन्दन पाण्डेय
सहित अनेक अंतरराष्ट्रीय विद्वान अपने विचार साझा करेंगे।
इसके अतिरिक्त रामायण केंद्र भोपाल के निदेशक प्रो. राजेश श्रीवास्तव एवं उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान की संपादक डॉ. अमिता दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
300 से अधिक शोध पत्र होंगे प्रस्तुत
आठ सत्रों में प्रस्तावित इस संगोष्ठी में 300 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम से देश-विदेश के विद्वान ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़ सकेंगे।
आयोजन के संयोजक कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. पुनीत बिसारिया हैं। कुलसचिव श्री ज्ञानेंद्र कुमार, वित्त अधिकारी श्री प्रमोद कुमार सिंह एवं परीक्षा नियंत्रक श्री राज बहादुर आयोजन समिति में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं।
डॉ. विद्यासागर उपाध्याय को बीज वक्ता मनोनीत किए जाने पर जनपद के साहित्यकारों, शिक्षाविदों और शुभचिंतकों में हर्ष की लहर है। यह संगोष्ठी निश्चित ही बुंदेलखंड की सांस्कृतिक चेतना को वैश्विक परिप्रेक्ष्य में नई ऊंचाइयाँ प्रदान करेगी।
रिपोर्ट: चैनल हेड के. के. उपाध्याय
गुजरात प्रवासी न्यूज, अहमदाबाद

