मथुरा | गुजरात प्रवासी न्यूज़
मथुरा में जमीन को लेकर एक गंभीर विवाद सामने आया है, जिसमें भूतेश्वर क्षेत्र निवासी निधि अग्रवाल की शिकायत पर योगेश नौरवार और उसके सहयोगियों के खिलाफ लगभग 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाद एनएच-2 स्थित जैंत क्षेत्र के पैच नंबर 2122/2124 की जमीन को लेकर है। पीड़िता निधि अग्रवाल का कहना है कि उक्त जमीन की खरीद-फरोख्त की प्रक्रिया पूरी तरह वैधानिक तरीके से संपन्न हुई थी और उसके बाद दाखिल-खारिज की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद आरोपियों द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन पर अपना दावा जताने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़िता के अनुसार योगेश नौरवार और उसके साथियों ने कथित रूप से फर्जी डीड तैयार कर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया और उनसे तथा उनके परिवार से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की। साथ ही रुपये न देने की स्थिति में गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन के निर्देश पर एएसपी सिटी द्वारा इस प्रकरण की दो बार जांच कराई गई। जांच के दौरान योगेश नौरवार और उनके सहयोगी उक्त जमीन पर स्वामित्व को लेकर कोई ठोस दस्तावेज या प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। वहीं जांच में निधि अग्रवाल और उनके साझेदारों को पूर्णतया निर्दोष पाया गया।
पीड़िता ने अपने आरोप में यह भी कहा है कि योगेश नौरवार और उसके सहयोगियों पर पहले से ही धोखाधड़ी (चार सौ बीसी) और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके बावजूद वे दबाव बनाकर अवैध रूप से धन वसूलने का प्रयास कर रहे थे।
फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट:
राहुल शर्मा
चैनल हेड, गुजरात प्रवासी न्यूज़ – मथुरा
1 Comment
Trước mình được bạn giới thiệu FLY88, vào xem thử thì thấy nhiều trò chơi và chương trình ưu đãi khá hấp dẫn.