रुड़की (हरिद्वार)। गुजरात प्रवासी न्यूज़
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भगवानपुर क्षेत्र स्थित केपीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, सिकंदरपुर भैंसवाल में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। विद्यालय में ग्रीष्मकालीन अवकाश होने के बावजूद शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में हिंदी प्रवक्ता विश्वास कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण करना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि आज हम पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीर नहीं हुए तो भविष्य में मानव जीवन अनेक कठिनाइयों का सामना करेगा।
उन्होंने कहा कि बढ़ता प्रदूषण, घटती हरियाली और जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याएं मानव अस्तित्व के लिए चुनौती बनती जा रही हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने के साथ-साथ अधिक से अधिक वृक्षारोपण करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे।
विश्वास कुमार ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने घरों, विद्यालयों तथा सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाकर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए पर्यावरण संरक्षण आवश्यक है तथा यह कार्य जनभागीदारी से ही संभव हो सकता है
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा सभी ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। इस अवसर पर कार्यालय कर्मचारी जितेंद्र कुमार हलदर, आनंद सिंह नेगी, सरिता, नीतू धीमान, प्रमोद तथा छात्र-छात्राओं में मुजक्कीर, राफे, उजैफ, उवेश, विपिन पाल सहित अनेक विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा।
रिपोर्ट : विश्वास कुमार
गुजरात प्रवासी न्यूज़, हरिद्वार

