मथुरा, संवाददाता। पाली डूंगरा स्थित कृष्ण मोहन (केएम) विश्वविद्यालय परिसर में शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने अपने पिता एवं प्रख्यात समाजसेवी स्वर्गीय मोहन सिंह (भगतजी) की प्रथम पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम के दौरान परिसर में श्रद्धा और भावुकता का वातावरण बना रहा।


कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना से हुआ। इसके पश्चात किशन चौधरी ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनके पिता का जीवन सेवा, शिक्षा और समाजहित के कार्यों को समर्पित रहा, जिनसे उन्हें निरंतर प्रेरणा मिलती रहेगी।
इससे पूर्व उनके आवास पर भजन संध्या एवं अखंड रामायण पाठ का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्व. मोहन सिंह भगतजी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके द्वारा स्थापित शिक्षण संस्थान आज केएम विश्वविद्यालय के रूप में विकसित होकर क्षेत्र में शिक्षा का प्रमुख केंद्र बन चुका है।


कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि जर्नादन शर्मा, एमएलसी योगेश नौहवार, ठाकुर ओमप्रकाश, विधायक पूरन प्रकाश, विधायक मेघश्याम सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसके अलावा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एन.सी. प्रजापति, कुलसचिव डॉ. पूरन सिंह, परीक्षा नियंत्रक तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वाती शर्मा ने की।
रिपोर्ट: प्रेम सिंह कुंतल, गुजरात प्रवासी न्यूज़, मथुरा

