रुड़की, हरिद्वार (उत्तराखंड)। आर्य समाज बीटी गंज में रविवार को वार्षिक चुनाव एवं संगठनात्मक बैठक का आयोजन बड़े ही सौहार्दपूर्ण एवं लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया में आर्य समाज के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा नवगठित कार्यकारिणी के प्रति विश्वास व्यक्त किया। चुनाव संपन्न होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया और उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला हरिद्वार आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान डॉ. श्याम सिंह एवं मंत्री वीरेंद्र शर्मा पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। उनकी देखरेख में समस्त चुनावी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूर्ण हुई।
चुनाव परिणामों के अनुसार डॉ. अरुण कुमार त्यागी को आर्य समाज बीटी गंज का प्रधान निर्वाचित किया गया, जबकि हरफूल सिंह राठी को उपप्रधान पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। मंत्री पद पर राजकुमार अनेजा तथा उपमंत्री पद पर सुरेश चंद बंसल निर्वाचित हुए। इसके अलावा रविंद्र कुमार त्यागी को कोषाध्यक्ष, राकेश कुमार को पुस्तकालय अध्यक्ष, सतीश आर्य को पुस्तक कार्य अध्यक्ष तथा सतीश पाल को लेखा निरीक्षक चुना गया। सभी पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।

बैठक में संगठन की भावी योजनाओं और सामाजिक गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। आर्य समाज के प्रचार-प्रसार, वैदिक संस्कृति के संरक्षण, शिक्षा के प्रसार एवं समाज सेवा से जुड़े कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया।
अंतरंग समिति के लिए स्वामी ब्रह्मानंद, विशाल रयान, संध्या पाल, सुरेश बंसल एवं आलोक द्विवेदी को सदस्य के रूप में नामित किया गया। वहीं जिला सभा में प्रतिनिधित्व के लिए सतीश आर्य, स्वामी ब्रह्मानंद, विजय सिंह वर्मा एवं हरफूल सिंह राठी का चयन किया गया।
इस अवसर पर महिला आर्य समाज की पदाधिकारी बाला देवी, राजेश आर्या, उर्मिला राठी, अमरेश आर्या, सोनिया भाटिया, रागिनी मित्तल, साधना अग्रवाल एवं नीता अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित प्रधान डॉ. अरुण कुमार त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि आर्य समाज समाज सुधार, शिक्षा, संस्कार एवं मानव सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करता रहा है। उन्होंने सभी सदस्यों के सहयोग से संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा युवाओं को वैदिक विचारधारा से जोड़ने का संकल्प व्यक्त किया। मंत्री पद पर निर्वाचित राजकुमार अनेजा ने भी संगठन की गतिविधियों को गति देने और समाजहित में समर्पित भाव से कार्य करने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने उपस्थित सदस्यों एवं पर्यवेक्षकों का आभार व्यक्त किया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
रिपोर्ट : डॉ. आलोक कुमार द्विवेदी
सह संपादक, गुजरात प्रवासी न्यूज़, हरिद्वार


1 Comment
Üsküdar Garantili Su Kaçağı Tespiti Bebek’teki apartmanda ortak kullanım hattında kaçak vardı. Tüm komşular adına teşekkür ederim. https://www.specimpex.com/